म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी की रकम ट्रांसफर | दुर्ग जिले में आईडीएफसी, बंधन और ओवरसीज बैंक के 308 खाताधारकों पर केस दर्ज

म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी की रकम ट्रांसफर | दुर्ग जिले में आईडीएफसी, बंधन और ओवरसीज बैंक के 308 खाताधारकों पर केस दर्ज

भिलाई। दुर्ग जिले में सुपेला, उतई और दुर्ग कोतवाली थाना में साइबर ठगी में इस्तेमाल किए गए अलग-अलग बैंकों के 308 म्यूल खातों के खिलाफ अपराध दर्ज की गई है। समन्वय पोर्टल से प्राप्त शिकायतों, बैंक खातों की जानकारी और साइबर शिकायत के आधार पर पुलिस अब पूरे मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(3) और 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। 

भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल और पुलिस मुख्यालय से प्राप्त जानकारी के आधार पर उतई थाना क्षेत्र के आईडीएफसी बैंक, सुपेला थाना क्षेत्र के बंधन बैंक और दुर्ग कोतवाली में इंडियन ओवरसीज बैंक के संदिग्ध खातों की जांच की गई। जांच के दौरान सामने आया कि उतई में आईडीएफसी के 30, सुपेला में बंधन बैंक के 172 और दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र में इंडियन ओवरसीज बैंक के 106 खातों में साइबर ठगी से जुड़ी रकम सीधे ट्रांसफर की गई थी। पुलिस के अनुसार ये खाते लेयर-1 म्यूल अकाउंट की श्रेणी में पाए गए, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम प्राप्त करने, छिपाने और दूसरे खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि वर्ष 2024 से 2026 के बीच इन खातों के जरिए अवैध आर्थिक लाभ अर्जित किया गया। प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि संबंधित खाताधारकों ने स्वयं या अन्य लोगों के साथ मिलकर साइबर ठगी की रकम को ट्रांसफर और आहरित करने में भूमिका निभाई।