बैसाखी मेले से लौट रही श्रद्धालुओं की बस पलटी, 6 की मौत, 9 घायल

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां श्रद्धालुओं से भरी बस पलटने से 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 9 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि करीब 40 श्रद्धालु श्री आनंदपुर साहिब में बैसाखी मेला में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान हलका बस्सी पठाना के गांव हिम्मतपुरा के पास बस में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। नियंत्रण खोने के बाद बस बिजली के खंभे से टकराई और पलट गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त बस को हटाकर ट्रैफिक सुचारू किया गया। घायलों को तुरंत मोरिंडा और फतेहगढ़ साहिब के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। शुभम अग्रवाल के मुताबिक, मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और घायलों को हर संभव उपचार दिया जा रहा है। इस हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। गांव मैन माजरी में मातम पसरा हुआ है, क्योंकि एक ही गांव के कई लोगों की इस हादसे में जान चली गई। कुछ परिवारों ने अपने एक से अधिक सदस्यों को खो दिया, जिससे माहौल बेहद गमगीन हो गया है।
