ऑनलाइन IPL सट्टा रैकेट का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार

ऑनलाइन IPL सट्टा रैकेट का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार

कोरबा पुलिस ने ऑनलाइन IPL सट्टेबाजी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस को 13 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खेल और खिला रहे हैं। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई।

टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी, जहां आरोपी जशवीर राना को ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। वहीं उसका साथी निखिल राजपूत पुलिस को देखकर मौके से फरार हो गया। जांच में सामने आया कि आरोपी ‘KHELO BAAZI BOOK’ नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा संचालित कर रहे थे। आईडी में बड़े पैमाने पर लेनदेन के साथ करीब 72,020 रुपए का बैलेंस भी मिला है।

पुलिस ने मौके से मोबाइल फोन, डिजिटल डेटा और अन्य अहम साक्ष्य जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपी जशवीर राना (33) को न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि फरार आरोपी की तलाश जारी है। इस मामले में थाना कोतवाली कोरबा में अपराध क्रमांक 335/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6-क और 7-1 के अंतर्गत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।