अस्पताल जाते वक्त आग का गोला बनी कार, पूर्व सरपंच दंपती समेत चार की जिंदा जलकर मौत

अस्पताल जाते वक्त आग का गोला बनी कार, पूर्व सरपंच दंपती समेत चार की जिंदा जलकर मौत

अजमेर जिले के बोराड़ा क्षेत्र में गुरुवार को दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। अस्पताल जा रही एक कार में अचानक आग लगने से पूर्व सरपंच दंपती समेत चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में श्रीरामपुरा गांव के पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी, उनकी पत्नी एवं पूर्व सरपंच सुरज्ञान देवी, भांजी महिमा और जिला परिषद सदस्य पूसी देवी शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, पूसी देवी को सीने में दर्द की शिकायत होने पर परिवार के लोग उन्हें कार से अस्पताल लेकर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक कार में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। हादसा इतना भयावह था कि कार में सवार तीन लोग बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए।

स्थानीय लोगों ने किसी तरह गंभीर रूप से झुलसी पूसी देवी को बाहर निकाला, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही बोराड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।