सुपेला में अब सड़क पर पार्किंग पड़ी तो होगी कार्रवाई, वन-वे व्यवस्था पर बनी सहमति
अंडरब्रिज से आकाशगंगा मार्ग वन-वे करने की तैयारी, सर्विस रोड से हटेगा अतिक्रमण; पुलिस और निगम की संयुक्त कार्रवाई

भिलाई। सुपेला क्षेत्र में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और सड़क किनारे बेतरतीब पार्किंग की समस्या को दूर करने के लिए यातायात पुलिस ने अब व्यापारियों के साथ मिलकर व्यवस्था सुधारने की पहल शुरू की है। सुपेला की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के व्यापारियों के साथ बैठक कर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए। पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देश पर आयोजित बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और उप पुलिस अधीक्षक यातायात ने व्यापारियों से सीधे बातचीत की। बैठक में सड़क पर वाहनों की पार्किंग, वन-वे व्यवस्था, सर्विस रोड पर अतिक्रमण और बाजार क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
अंडरब्रिज से आकाशगंगा मार्ग होगा वन-वे
बैठक में सुपेला अंडरब्रिज से आकाशगंगा की ओर जाने वाले मार्ग को वन-वे करने पर सहमति बनी है। पुलिस का मानना है कि इस मार्ग पर एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू होने से वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित होगी और जाम की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
सड़क को पार्किंग बनाने पर रोक
पुलिस ने व्यापारियों से स्पष्ट कहा कि दुकानों के सामने सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात बाधित न किया जाए। व्यापारियों से यह भी अपील की गई कि वे अपने ग्राहकों और कर्मचारियों को सड़क पर वाहन पार्क करने से रोकें। पुलिस के मुताबिक बाजार में आने वाले ग्राहकों की गाड़ियां सड़क पर खड़ी होने से मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ता है और कई बार यातायात बाधित हो जाता है।
सर्विस रोड से हटेगा अतिक्रमण
सुपेला क्षेत्र की सर्विस रोड को भी यातायात के लिए व्यवस्थित करने का फैसला लिया गया है। नगर निगम के सहयोग से सर्विस रोड को अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग से मुक्त कराया जाएगा। इसके साथ ही सर्विस रोड को मुख्य मार्ग से दो स्थानों पर जोड़ने की कार्ययोजना तैयार करने पर भी सहमति बनी। इससे मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव कम करने और यातायात को वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।
पुलिस और निगम करेंगे संयुक्त निरीक्षण
यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अब पुलिस और नगर निगम की टीम संयुक्त रूप से क्षेत्र का निरीक्षण करेगी। निरीक्षण के दौरान सड़क और सर्विस रोड पर किए गए अतिक्रमण तथा अव्यवस्थित पार्किंग को चिन्हित किया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए मार्ग को यातायात के लिए सुगम बनाया जाएगा।
व्यापारियों से सहयोग की अपील
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से कहा कि यातायात व्यवस्था केवल पुलिस की कार्रवाई से नहीं सुधर सकती। इसमें दुकानदारों, ग्राहकों और आम नागरिकों का सहयोग भी जरूरी है। व्यापारियों से अपने ग्राहकों और कर्मचारियों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। यातायात पुलिस ने आम नागरिकों और व्यापारियों से कहा है कि सड़क और सर्विस रोड को पार्किंग स्थल न बनाएं। वाहन निर्धारित स्थान पर ही खड़े करें और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।
