आत्मानंद स्कूल के वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत, चालक फरार

बेमेतरा। जिले के साजा मुख्यालय से लगे ग्राम केवतरा के पास शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा आत्मानंद स्कूल से संबंधित एक चार पहिया वाहन की टक्कर से हुआ। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। साजा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, घटना 17 जुलाई की शाम ग्राम केवतरा के पास हुई। बाइक सवार युवक सड़क से गुजर रहा था, तभी आत्मानंद स्कूल से संबंधित एक तूफान वाहन ने उसे तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद साजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर उसकी शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन से संबंधित जानकारी जुटाते हुए फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
