कर्ज की किश्त और ब्याज को लेकर दबाव, दो महिलाओं ने घर से उठाया सामान; दोनों गिरफ्तार

कर्ज की किश्त और ब्याज को लेकर दबाव, दो महिलाओं ने घर से उठाया सामान; दोनों गिरफ्तार

भिलाई। कर्ज की किश्त और ब्याज की राशि को लेकर महिला पर दबाव बनाने और विवाद के दौरान उसके घर से सामान ले जाने के मामले में सुपेला पुलिस ने दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घर से ले जाया गया एक्टिवा दोपहिया वाहन, वाशिंग मशीन और मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार कृपाल नगर, सड़क नंबर 6, कोहका निवासी बलजीत कौर ने थाना सुपेला में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आवश्यकता के चलते उसने आरोपी सीमा यादव से अलग-अलग समय पर रकम उधार ली थी। सुरक्षा के तौर पर बैंक के चेक और हस्ताक्षरित स्टाम्प भी दिए गए थे। प्रार्थिया का आरोप है कि किश्तों में राशि का भुगतान करने के बावजूद उसके चेक वापस नहीं किए गए और भुगतान में देरी होने पर अतिरिक्त राशि को लेकर दबाव बनाया जाने लगा।
घर पहुंचकर मारपीट और धमकी देने का आरोप
शिकायत के मुताबिक 19 जुलाई 2026 को आरोपी महिलाएं प्रार्थिया के घर पहुंचीं। वहां कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट की गई तथा धमकी दी गई। आरोप है कि इसके बाद उसके पति के नाम पंजीकृत एक्टिवा क्रमांक CG-07-AU-3175, वर्लपूल कंपनी की वाशिंग मशीन और ओप्पो मोबाइल फोन घर से ले जाया गया।


शिकायत के आधार पर सुपेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 1138/2026 दर्ज कर धारा 296, 351(2), 308(2), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ के बाद सामान बरामद
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने दोनों महिलाओं को पूछताछ के लिए तलब किया। विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और आरोपियों की निशानदेही के आधार पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से प्रार्थिया के घर से ले जाए गए सामान को बरामद कर विधिवत जब्त किया।
पुलिस ने मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सीमा यादव (36) निवासी वैशाली नगर और बबली साहू (44) निवासी कोहका को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
ब्याज पर रकम देने के दौरान सुरक्षा के तौर पर लिए दस्तावेज
पुलिस के मुताबिक जांच में यह बात सामने आई कि आरोपियों द्वारा ब्याज पर रकम देने के दौरान सुरक्षा के रूप में चेक और हस्ताक्षरित दस्तावेज अपने पास रखे जाते थे। किश्त के भुगतान में देरी होने पर अतिरिक्त राशि की मांग और दबाव बनाए जाने का आरोप है। विवाद की स्थिति में सामान अपने कब्जे में लेने की बात भी शिकायत में सामने आई है।
बरामद सामान:
• एक्टिवा दोपहिया वाहन CG-07-AU-3175
• वर्लपूल कंपनी की वाशिंग मशीन
• ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन
थाना सुपेला पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।