सेप्टिक टैंक में लोहे के संदूक से महिला का शव बरामद, क्षेत्र में फैली सनसनी

भोपाल के कमल नगर इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक खाली पड़े प्लॉट के सेप्टिक टैंक से लोहे के संदूक के भीतर बंद एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ।

इलाके में कई दिनों से बदबू फैल रही थी। स्थानीय लोगों ने शक होने पर प्लॉट के भीतर झांककर देखा तो टैंक में संदिग्ध हालात नजर आए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और टैंक से लोहे का संदूक बाहर निकलवाया। संदूक खोलते ही अंदर महिला का शव मिला।

पुलिस के शुरुआती अनुमान के मुताबिक शव करीब तीन से चार दिन पुराना है। मृतका की उम्र और पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। हालांकि महिला के हाथों पर बने टैटू अहम सुराग माने जा रहे हैं। इन्हीं निशानों के आधार पर आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है।
मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि संदूक वहां तक कैसे पहुंचा, इसका पता लगाया जा सके। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण और समय को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।