महाभारत के कर्ण नहीं रहे: अभिनेता पंकज धीर का 68 साल की उम्र में निधन, फिल्म इंडस्ट्री में शोक

महाभारत के कर्ण नहीं रहे: अभिनेता पंकज धीर का 68 साल की उम्र में निधन, फिल्म इंडस्ट्री में शोक

मुंबई। बी.आर. चोपड़ा की मशहूर टीवी सीरियल ‘महाभारत’ में कर्ण का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाले अभिनेता पंकज धीर का 68 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने बुधवार, 15 अक्टूबर की सुबह 11:30 बजे अंतिम सांस ली। कर्ण के रूप में दर्शकों के दिलों में अमिट छाप छोड़ने वाले पंकज धीर अब हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन उनके अभिनय की विरासत हमेशा याद की जाएगी।

पंकज धीर के निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है। उनका अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट में किया गया, जहां बॉलीवुड के कई सितारे उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचे। सलमान खान, अरबाज खान, सिद्धार्थ मल्होत्रा और हेमा मालिनी समेत कई चर्चित हस्तियां पंकज धीर के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचीं। सलमान खान की आंखों में गहरा दुख साफ झलक रहा था। पंकज धीर के बेटे और अभिनेता निकितिन धीर पिता के निधन से बेहद व्यथित नजर आए। पंकज धीर ने ‘महाभारत’ के अलावा कई फिल्मों और टीवी शो में दमदार भूमिकाएं निभाईं। वे अपने सशक्त अभिनय और शांत व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे।