ट्रक की चपेट में आए पति-पत्नी की मौत, 4 साल का बेटा गंभीर घायल

ट्रक की चपेट में आए पति-पत्नी की मौत, 4 साल का बेटा गंभीर घायल

कबीरधाम। जिले के कुण्डा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 4 साल का बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, मृतकों की पहचान कृष्णा आढिले और उनकी पत्नी कीर्ति आढिले के रूप में हुई है। दोनों सारंगढ़ के निवासी थे। बताया जा रहा है कि कृष्णा अपनी पत्नी और 4 साल के बेटे के साथ बाइक से ससुराल कोलेगांव जा रहे थे।

इसी दौरान कुण्डा थाना क्षेत्र में सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक को क्रॉस करते समय बाइक सड़क किनारे गीली मिट्टी में फिसल गई। बाइक गिरते ही पति-पत्नी ट्रक के पहिए के नीचे आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनका मासूम बेटा दूर जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। हालांकि हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घायल बच्चे को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुण्डा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं हादसे से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।