प्रेमी संग मिलकर पत्नी ने की पति की हत्या, मुंह दबाया, गमछे से घोंट दिया गला
जौनपुर में सनसनीखेज वारदात, पड़ोसियों की सतर्कता से खुला राज, पत्नी और प्रेमी गिरफ्तार

जौनपुर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बदलापुर कस्बे में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। वार्ड नंबर आठ में पल्लेदार संदीप उर्फ चंद्रीप (27) की हत्या उसकी पत्नी वंदना और उसके प्रेमी राजेश ने मिलकर की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश पहले से रची गई थी। घटना की रात वंदना ने पति का मुंह दबा दिया, जबकि उसका प्रेमी राजेश संदीप के सीने पर बैठ गया और नीले रंग के गमछे से उसका गला कसकर हत्या कर दी।
जांच में सामने आया कि राजेश रिश्ते में वंदना का ममेरा भाई लगता है। दोनों पिछले चार वर्षों से संपर्क में थे। वंदना की शादी के बाद राजेश भलुआही बाजार में उसके घर से करीब 500 मीटर दूर किराये के मकान में रहने लगा था। दोनों के बीच लगातार मुलाकातें होती थीं। संदीप को इस संबंध की जानकारी होने पर उसने विरोध किया था, जिसके बाद राजेश कुछ दिनों से घर आना बंद कर दिया था।

हत्या के बाद शक से बचने के लिए वंदना ने सुबह घर में गोबर से लिपाई कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की और सामान्य मौत की कहानी गढ़ दी। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, तभी पड़ोस की महिलाओं ने संदीप के गले पर निशान देखकर संदेह जताया। इसके बाद संदीप के पिता लालजी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की पूछताछ में वंदना टूट गई और पूरी साजिश का खुलासा हो गया।
थानाध्यक्ष फूलचंद्र पांडेय ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं। पूछताछ के दौरान वंदना को अपने किए पर कोई पछतावा नहीं दिखा। दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। इस घटना ने दो मासूम बच्चों की जिंदगी बदल दी। पिता की हत्या और मां के जेल जाने के बाद दोनों बच्चों का भविष्य अनिश्चित हो गया है। संदीप परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था और अपने बुजुर्ग पिता, पत्नी तथा दोनों बच्चों की जिम्मेदारी उठाता था। अब दोनों बच्चों को परिवार के अन्य सदस्यों के सुपुर्द कर दिया गया है।