अवैध घुसपैठ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 131 बांग्लादेशी नागरिक हिरासत में

अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने अवैध घुसपैठ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के विभिन्न इलाकों से 290 से अधिक संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। पूछताछ के दौरान 131 लोगों की पहचान अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों के रूप में हुई है, जबकि करीब 160 अन्य संदिग्धों से जांच एजेंसियां लगातार पूछताछ कर रही हैं।

जानकारी के अनुसार, देर रात अहमदाबाद पुलिस और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त अभियान चलाकर चंडोला, गुलाबनगर और खोडियारनगर क्षेत्रों में छापेमारी की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों के दस्तावेजों की जांच की गई और संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शहरभर में दस्तावेज सत्यापन और प्रवर्तन अभियान जारी है। हिरासत में लिए गए सभी लोगों की पहचान, नागरिकता और निवास संबंधी दस्तावेजों का गहन सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी चल चुका है बड़ा अभियान
गौरतलब है कि पिछले वर्ष गुजरात पुलिस और नगर निगम ने अवैध प्रवासियों तथा अवैध बस्तियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया था। विशेष रूप से चंडोला झील क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई थी। उस दौरान 6,500 से अधिक लोगों को अवैध बांग्लादेशी प्रवासी होने के संदेह में हिरासत में लिया गया था। इनमें से लगभग 890 लोग अहमदाबाद से पकड़े गए थे, जिनकी नागरिकता और पहचान की पुष्टि के लिए विस्तृत जांच की गई थी।
फिलहाल अहमदाबाद में चल रहे इस अभियान को अवैध घुसपैठ और फर्जी दस्तावेजों के खिलाफ राज्य की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने तक अभियान जारी रहेगा।
