महिला आरक्षक ₹10 हजार रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, ACB ने दबोचा

जगदलपुर। बस्तर जिले के कोड़ेनार थाना में पदस्थ महिला आरक्षक तिलेश्वरी साहू को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरक्षक पर न्यायालय के आदेश के बावजूद जब्त ट्रैक्टर छोड़ने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, एक सड़क दुर्घटना के मामले में कोड़ेनार पुलिस ने एक ट्रैक्टर जब्त किया था। बाद में न्यायालय ने ट्रैक्टर मालिक बंगालु यादव के पक्ष में सुपुर्दनामा जारी करते हुए वाहन छोड़ने का आदेश दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद महिला आरक्षक तिलेश्वरी साहू ट्रैक्टर रिलीज करने के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रही थी।
पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। जैसे ही महिला आरक्षक ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, मौके पर मौजूद ACB की टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद ACB की टीम आरोपी महिला आरक्षक से पूछताछ कर रही है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
