स्कूल बस चालक पर चाकू से हमला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

धमतरी। कुरूद थाना पुलिस ने स्कूल बस चालक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और धारदार हथियार भी पुलिस ने बरामद कर जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3:15 बजे ए.जे. इंग्लिश स्कूल, कुरूद की बस बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान सुनीलम सिनेमा के पास सार्वजनिक शौचालय के सामने बाइक सवार दो युवकों ने बस को रोक लिया। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों ने बस चालक से विवाद किया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 228/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण, साक्ष्य जुटाने और गवाहों के बयान के आधार पर रोहन साहू (21 वर्ष), निवासी मोंगरा थाना कुरूद (हाल निवासी अमृत विहार कॉलोनी, कुरूद) को गिरफ्तार कर लिया। मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत कर किशोर न्याय अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और धारदार हथियार भी बरामद कर जब्त कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी कुरूद के मार्गदर्शन में इस मामले में त्वरित कार्रवाई की गई।
