रायपुर रेलवे स्टेशन पर 500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त, फूड विभाग की बड़ी कार्रवाई; जांच के लिए भेजे गए सैंपल
रायपुर रेलवे स्टेशन के पार्सल परिसर से फूड विभाग ने 500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया। अमरकंटक एक्सप्रेस से पहुंचे पनीर के सैंपल लैब जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

रायपुर। राजधानी रायपुर में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन के पार्सल परिसर से करीब 500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त किया है। यह पनीर अमरकंटक एक्सप्रेस के जरिए रायपुर पहुंचा था। विभाग ने मौके से नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिए हैं। अब लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को रेलवे स्टेशन के पार्सल परिसर में बड़ी मात्रा में पनीर मिलने के बाद उसकी गुणवत्ता और शुद्धता पर संदेह जताया गया। सूचना मिलते ही फूड विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे स्टॉक की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पनीर अमरकंटक एक्सप्रेस से रायपुर लाया गया था। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह खेप किसकी है और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था।
लैब रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
फूड विभाग ने पनीर के सैंपल लेकर उन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यह तय होगा कि पनीर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप है या नहीं। यदि पनीर मिलावटी या मानव उपभोग के लिए असुरक्षित पाया गया, तो संबंधित लोगों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एनालॉग पनीर पर पहले से प्रतिबंध
छत्तीसगढ़ सरकार पहले ही प्रदेश में एनालॉग पनीर के कारोबार पर प्रतिबंध लगा चुकी है। इसके बावजूद संदिग्ध पनीर की खेप लगातार पकड़े जाने से खाद्य सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
पिछले एक वर्ष में रायपुर में कई बड़ी कार्रवाई हो चुकी हैं।
जुलाई 2025 में बिरगांव स्थित काशी एग्रो फूड्स से करीब 2,500 किलो संदिग्ध/एनालॉग पनीर जब्त कर फैक्ट्री सील की गई थी। हाल ही में रायपुर की एक अन्य फैक्ट्री से 1,700 किलो पनीर के नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। अब रेलवे स्टेशन से 500 किलो संदिग्ध पनीर मिलने के बाद पिछले एक साल में 4,700 किलो से अधिक संदिग्ध पनीर पर कार्रवाई हो चुकी है।
