छत्तीसगढ़ में तरबूज खाने के बाद परिवार के 4 बच्चे बीमार, एक की मौत

छत्तीसगढ़ में तरबूज खाने के बाद परिवार के 4 बच्चे बीमार, एक की मौत

जांजगीर-चांपा जिले के धुरकोट गांव में फूड पॉइजनिंग का गंभीर मामला सामने आया है। एक ही परिवार के चार बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिनमें से एक बच्चे की मौत हो गई। तीन बच्चों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, चारों बच्चे गर्मी की छुट्टियां मनाने अपने मामा घर धुरकोट गांव आए हुए थे। रविवार शाम बच्चों ने तरबूज खाया था, जिसे उनकी नानी जांजगीर से खरीदकर लाई थीं। इसके बाद रात में चिकन भी खाया गया। देर रात बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी।

सबसे पहले 12 वर्षीय अखिलेश धीवर को पेट दर्द, उल्टी और दस्त की शिकायत हुई। रातभर घर में इलाज किया गया, लेकिन सोमवार सुबह उसकी हालत ज्यादा खराब हो गई। परिजन उसे एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई।

वहीं 13 वर्षीय भूपेंद्र धीवर समेत हिमेश धीवर और श्री धीवर की तबीयत भी खराब हो गई। तीनों बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

डॉक्टरों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मेडिकल जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। प्राथमिक तौर पर फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।