नकली मोबाइल एक्सेसरी और पैकेजिंग रैकेट पर बड़ा एक्शन, OPPO, OnePlus और Realme के फर्जी सामान जब्त



नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की AGS यूनिट ने नकली मोबाइल प्रोडक्ट्स और पैकेजिंग सामग्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोल बाग और मोती नगर इलाके में छापेमारी की। इस दौरान OPPO, OnePlus और Realme ब्रांड के भारी मात्रा में नकली उत्पाद बरामद किए गए।

पुलिस ने करोल बाग के रेगरपुरा स्थित दो गोदामों को सील कर दिया, जहां नकली सामान की पैकेजिंग और ब्रांडिंग की जा रही थी। वहीं मोती नगर में एक फैक्ट्री का भी खुलासा हुआ, जहां इन कंपनियों के नाम से फर्जी पैकेजिंग बॉक्स तैयार किए जा रहे थे। जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा प्रतिष्ठित मोबाइल कंपनियों के नाम का इस्तेमाल कर नकली उत्पाद बाजार में बेचे जा रहे थे। कार्रवाई के दौरान एक प्रिंटिंग प्रेस और तीन गोदामों में मशीनों के जरिए बड़े पैमाने पर फर्जी ब्रांडिंग का काम चलता मिला।

पुलिस ने मौके से अवैध कारोबार में इस्तेमाल हो रही 8 मशीनें जब्त की हैं। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पर नकली उत्पादों की पैकेजिंग कर बाजार में सप्लाई करने का आरोप है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई नकली ब्रांडेड सामान के नेटवर्क को तोड़ने के लिए की गई है और मामले की आगे जांच जारी है।

