नवनियुक्त एसपी संदीप कुमार पटेल ने किया पुलिस लाइन का निरीक्षण, संसाधनों के बेहतर रखरखाव पर दिया जोर


नारायणपुर। नारायणपुर के नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल (भा.पु.से.) ने शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्टोर, मोटर ट्रांसपोर्ट (एमटी) शाखा, पुलिस कैंटीन सहित अन्य सुविधाओं का निरीक्षण कर संसाधनों के बेहतर रखरखाव और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने अभिलेखों के नियमित संधारण, पुलिस वाहनों के समयबद्ध रखरखाव तथा पुलिसकर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस लाइन परिसर में स्वच्छता, अनुशासन और कार्यकुशलता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

एसपी संदीप कुमार पटेल ने अधिकारियों और कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए आधारभूत सुविधाओं का मजबूत और सुव्यवस्थित होना बेहद जरूरी है। सभी शाखा प्रभारियों को उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान रक्षित निरीक्षक सोनू वर्मा और मोहसिन खान मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक को पुलिस लाइन परिसर की विभिन्न शाखाओं, उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी तथा आवश्यक बिंदुओं से अवगत कराया।
