दल्लीराजहरा हादसे पर BSP की बड़ी कार्रवाई, दो अधिकारी निलंबित

सीवरेज खुदाई के दौरान मिट्टी धंसने से 3 मजदूरों की मौत, सुरक्षा लापरवाही पर उठे सवाल

दल्लीराजहरा हादसे पर BSP की बड़ी कार्रवाई, दो अधिकारी निलंबित

दल्लीराजहरा। सीवरेज पाइपलाइन विस्तार कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से तीन मजदूरों की मौत के मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हुई है। लापरवाही के आरोप में BSP प्रबंधन ने अपने दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।

घटना दल्ली राजहरा थाना क्षेत्र के फुटबॉल ग्राउंड के पास दास पान ठेला के सामने हुई, जहां सीवरेज पाइपलाइन विस्तार परियोजना के तहत गहरी खुदाई का काम चल रहा था। जेसीबी और चेन माउंट मशीन की मदद से खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंस गई और वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए।

हादसे में तीनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए। मृत मजदूरों की पहचान किशुन कुमार, राकेश कुमार और बैसाखिन के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों और परिजनों का आरोप है कि मजदूरों को बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरण और बैरीकेडिंग के गहरे गड्ढे में काम कराया जा रहा था। मिट्टी धंसने से बचाव के जरूरी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किए जाने से यह हादसा हुआ।

घटना के बाद मृतकों के परिजनों ने BSP अस्पताल के सामने प्रदर्शन कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद BSP प्रबंधन ने डीजीएम मंगेश सेलकर और एजीएम सिविल रमेश कुमार को निलंबित कर दिया।