बेटी से बात करने से रोका तो पिता पर जानलेवा हमला, बालोद में भिलाई के 5 आरोपी सहित 6 गिरफ्तार
देर रात घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला, मुख्य आरोपी ने डेढ़ साल पुरानी रंजिश में रची थी साजिश

बालोद। जिले के पिनकापार चौकी क्षेत्र के ग्राम संबलपुर में बेटी से बात करने से मना करने की रंजिश में एक युवक ने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। देर रात घर में घुसकर आरोपियों ने लाठी-डंडों और लकड़ी के राफ्टर से बेरहमी से मारपीट की, जिससे पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर सभी छह आरोपियों को भिलाई से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 30 जून की रात गौकरण साहू अपने परिवार के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान दो बाइक और एक स्कूटी से पहुंचे छह आरोपी घर में घुस गए। दो आरोपी बाहर निगरानी करते रहे, जबकि चार आरोपियों ने गौकरण साहू के सिर, पीठ और कमर पर ताबड़तोड़ हमला किया। शोर सुनकर उनकी 13 वर्षीय बेटी की नींद खुल गई, जिसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

एएसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले गौकरण साहू ने मुख्य आरोपी भानूप्रताप जैन को अपनी नाबालिग बेटी से दूर रहने की चेतावनी दी थी। उन्होंने भानूप्रताप और उसके माता-पिता को बुलाकर फटकार भी लगाई थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बदला लेने की साजिश रची और हमला किया।
देवरी थाना प्रभारी मनीष शेंडे ने बताया कि घायल गौकरण साहू का उपचार जारी है। उनके सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 109, 332(2) और 191(3) के तहत मामला दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में भानूप्रताप जैन, नीरज रस्तोगी, तुषार निर्मलकर, दिनेश ढीमर, कुंदन यादव और दीपेश पटेल शामिल हैं। इनमें दीपेश पटेल बालोद जिले के बहेराभाठा गांव का निवासी है, जबकि अन्य आरोपी दुर्ग जिले के नेवई थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।
