गुरु भविष्य के निर्माता, विद्यार्थी राष्ट्र के कर्णधार | शाला प्रवेशोत्सव में एसपी का प्रेरक संदेश

स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला सिंगपुर के शाला प्रवेशोत्सव में शामिल हुए एसपी सूरज सिंह परिहार। स्मार्ट बोर्ड का उद्घाटन किया, पुस्तकालय के लिए ₹11 हजार की पुस्तकों का योगदान देने की घोषणा की।

गुरु भविष्य के निर्माता, विद्यार्थी राष्ट्र के कर्णधार | शाला प्रवेशोत्सव में एसपी का प्रेरक संदेश

धमतरी। स्वामी आत्मानंद शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला, सिंगपुर में आयोजित शाला प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने विद्यार्थियों से प्रेरक संवाद करते हुए शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गुरु ही भविष्य के निर्माता हैं और विद्यार्थी विकसित भारत के भावी कर्णधार हैं। यदि बच्चों को प्रारंभ से ही बेहतर शिक्षा, अच्छे संस्कार और सही मार्गदर्शन मिले तो वे समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अपने संबोधन में एसपी ने विद्यार्थियों से उनके जीवन के लक्ष्य पूछे। कई छात्रों ने आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, शिक्षक, इंजीनियर और पुलिस अधिकारी बनने की इच्छा जताई। इस पर उन्होंने कहा कि इन्हीं विद्यार्थियों में भविष्य के देश के श्रेष्ठ अधिकारी और जिम्मेदार नागरिक तैयार होंगे।

एसपी सूरज सिंह परिहार ने भारतीय संस्कृति का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों से पूछा कि ऋण कितने प्रकार के होते हैं। ग्राम अंजोरा की गायत्री सिन्हा ने देव ऋण, मातृ-पितृ ऋण और गुरु/ऋषि ऋण का सही उत्तर दिया, जिस पर उन्हें मंच पर सम्मानित किया गया। एसपी ने कहा कि वर्तमान समय में एक चौथा 'राष्ट्र ऋण' भी है, जिसे प्रत्येक नागरिक को ईमानदारी, अनुशासन और राष्ट्र सेवा के माध्यम से चुकाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से वाद-विवाद के बजाय संवाद की संस्कृति अपनाने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान एसपी ने विद्यालय में स्थापित स्मार्ट बोर्ड (टीवी पैनल) का शुभारंभ किया और कहा कि डिजिटल शिक्षा से विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी। उन्होंने विद्यालय के पुस्तकालय के लिए 11 हजार रुपये मूल्य की उत्कृष्ट पुस्तकें उपलब्ध कराने की भी घोषणा की। साथ ही सामाजिक कार्यकर्ता खेमन बाई के शिक्षा और समाज सेवा में योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित करने की घोषणा की। समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संयुक्त कलेक्टर डॉ. कल्पना ध्रुव, प्राचार्य डॉ. वी.पी. चंद्रा, सरपंच लोमेश्वर साहू, थाना प्रभारी प्रमोद अमलतास, विद्या भारती के पदाधिकारी, शिक्षक, पालक और बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।