लॉ कॉलेज में सनसनी: क्लासरूम में छात्रा की गोली मारकर हत्या, आरोपी ने खुद को भी मारी गोली

लॉ कॉलेज में सनसनी: क्लासरूम में छात्रा की गोली मारकर हत्या, आरोपी ने खुद को भी मारी गोली

पंजाब। तरनतारन से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सोमवार को गांव उस्मा स्थित एक लॉ कॉलेज के क्लासरूम में पढ़ाई के दौरान गोली चलने से हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक प्रिंस राज सिंह ने क्लास के भीतर ही 20 वर्षीय छात्रा संदीप कौर को गोली मार दी। गोली लगते ही छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी ने उसी हथियार से खुद को भी गोली मार ली। उसकी भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतका संदीप कौर नौशहरा पन्नुआं की रहने वाली थी, जबकि आरोपी प्रिंस राज सिंह गांव मालियां का निवासी बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह भी इसी कॉलेज का छात्र था।

घटना के दौरान क्लास में मौजूद अन्य छात्राएं घबराकर कमरे से बाहर भागीं। अचानक हुई फायरिंग से पूरे कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे कॉलेज को सील कर दिया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर इसे आपसी परिचय या व्यक्तिगत विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।