घर निर्माण विवाद ने ली बेटी की जान, पिता ने कुल्हाड़ी से किया वार, गिरफ्तार

घर निर्माण विवाद ने ली बेटी की जान, पिता ने कुल्हाड़ी से किया वार, गिरफ्तार

जशपुर। जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जामटोली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घर निर्माण को लेकर हुए विवाद में एक पिता ने अपनी ही 23 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी।

मृतका बिंदिया लकड़ा आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर कार्यरत थी और अपने परिवार के साथ गांव में रह रही थी। बताया जा रहा है कि वह घर के पास नया मकान बनवा रही थी। नींव खुद चुकी थी और निर्माण सामग्री भी मंगाई जा चुकी थी। 18 फरवरी की दोपहर करीब 3 बजे पिता लौरेस लकड़ा घर पहुंचे। मकान निर्माण के लिए सामग्री और पैसों को लेकर बातचीत शुरू हुई, जो जल्द ही तीखी बहस में बदल गई।

आरोप है कि गुस्से में आकर पिता ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाई और उसके पिछले हिस्से से बेटी के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बिंदिया की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। मृतका की बहन की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट को मौत का कारण बताया गया है। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा पाया गया है। आगे की जांच जारी है।