धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डराने वाला युवक गिरफ्तार

सुपेला के राधिका नगर-नेहरू नगर क्षेत्र में पुलिस की घेराबंदी, हथियार जब्त; आरोपी न्यायिक रिमांड पर

धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डराने वाला युवक गिरफ्तार

भिलाई। राधिका नगर और नेहरू नगर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने वाले युवक को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को मौके से पकड़ा और उसके कब्जे से धारदार लोहे का हथियार जब्त किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राधिका नगर, सुपेला के पास स्थित रैश्ने आवास, आशाराम बापू आश्रम और नेहरू नगर क्षेत्र में एक व्यक्ति हाथ में धारदार हथियार लेकर आने-जाने वाले लोगों को लहराकर डरा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सुपेला पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी की। पुलिस ने मौके पर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रितिक उर्फ लक्ष्मण यादव (27 वर्ष) बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का हथियार बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराने का आरोप

पुलिस के मुताबिक आरोपी सार्वजनिक स्थान पर धारदार हथियार लेकर उसे लहरा रहा था और आने-जाने वाले लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहा था। इससे क्षेत्र में भय का माहौल बनने की स्थिति पैदा हो गई थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1166/2026 में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

आरोपी का पूरा पता

रितिक उर्फ लक्ष्मण यादव, उम्र 27 वर्ष, निवासी मकान नंबर 46, बॉम्बे आवास, नेहरू नगर, सुपेला, हाल क्वार्टर नंबर 7ए, सड़क नंबर 16, सेक्टर-04, थाना भिलाई भट्ठी, जिला दुर्ग।