90 लाख के एलपीजी गबन केस में ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स का मालिक और डायरेक्टर गिरफ्तार

90 लाख के एलपीजी गबन केस में ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स का मालिक और डायरेक्टर गिरफ्तार

महासमुंद जिले के चर्चित करीब 90 लाख रुपये के एलपीजी गबन मामले में फरार चल रहे ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स के मालिक संतोष सिंह ठाकुर और उसके बेटे व कंपनी डायरेक्टर सार्थक सिंह ठाकुर को पुलिस ने महाराष्ट्र के कोल्हापुर से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लंबे समय से फरार थे और पुलिस से बचने के लिए होटल में छिपकर रह रहे थे। पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की बात सामने आई है।

पुलिस जांच में जिला खाद्य अधिकारी अजय यादव को इस पूरे खेल का मुख्य षड्यंत्रकारी बताया गया है, जबकि पंकज चंद्राकर की भूमिका डील मेकर के रूप में सामने आई है। मामले में पहले ही खाद्य विभाग और निजी नेटवर्क से जुड़े चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

मामला थाना सिंघोडा के अपराध क्रमांक 96/25 और बाद में दर्ज अपराध क्रमांक 42/26 से जुड़ा है। पुलिस ने 24 दिसंबर 2025 को 6 एलपीजी गैस से भरे कैप्सूल ट्रकों को जब्त किया था। गर्मी और सुरक्षा जोखिम को देखते हुए इन ट्रकों को सुरक्षित स्थान पर रखने के लिए कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग की मौजूदगी में 30 मार्च 2026 को ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स के मालिक संतोष सिंह ठाकुर को सुपुर्द किया गया था।

सुपुर्दनामा मिलने के बाद ट्रकों को थाना सिंघोडा से रायपुर जिले के उरला स्थित ठाकुर पेट्रोकेमिकल्स प्लांट ले जाया गया। जांच में सामने आया कि 5 गैस भरे कैप्सूल ट्रकों में मौजूद करीब 87 टन एलपीजी गैस, जिसकी कीमत लगभग 77 लाख रुपये बताई गई, का आपराधिक न्यास भंग किया गया। पूरे मामले में कालाबाजारी, कूट रचना और शासकीय संपत्ति के दुरुपयोग की धाराएं भी जोड़ी गईं।

विवेचना के दौरान पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज, टोल प्लाजा डेटा और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके बाद पता चला कि संतोष सिंह ठाकुर और सार्थक सिंह ठाकुर महाराष्ट्र के कोल्हापुर स्थित न्यू चालुक्य होटल में छिपे हुए हैं। महासमुंद पुलिस ने कोल्हापुर पुलिस की मदद से दोनों को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने संतोष सिंह ठाकुर के कब्जे से 20 हजार रुपये नगद भी जब्त किए हैं। दोनों आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर महासमुंद लाया गया है।

गिरफ्तार आरोपी

  1. संतोष सिंह ठाकुर, निवासी शांति विहार कॉलोनी डगनिया, रायपुर
  2. सार्थक सिंह ठाकुर, निवासी शांति विहार कॉलोनी डगनिया, रायपुर

पहले गिरफ्तार आरोपी

  1. अजय कुमार यादव
  2. पंकज चंद्राकर
  3. मनीष चौधरी
  4. निखिल वैष्णव