झांसी में भीषण सड़क हादसा: अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद की मौत, दो की गई जान

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की मौत हो गई। इस दुर्घटना में सोनू खान की भी जान चली गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, सभी पांच लोग प्रयागराज से झांसी जा रहे थे। उनका उद्देश्य झांसी जेल में बंद अतीक अहमद के बेटे अली अहमद से मुलाकात करना था।
हादसा झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार क्रेटा कार के सामने अचानक एक जानवर आ गया। उसे बचाने की कोशिश में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और कार डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि आगे की सीट पर बैठे आबान अहमद और सोनू खान के सिर में गंभीर चोटें आईं और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में अहजम (निवासी बादशाही मंडी, प्रयागराज), मोहम्मद जैद (निवासी कोतवाली, प्रयागराज) और उमर अहमद (निवासी पूरा मुफ़्ती, प्रयागराज) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
