शराब के नशे में दोस्त का कत्ल, शव 12 फीट गहरी सीमेंट पाइप में छिपाया; 3 गिरफ्तार

शराब के नशे में दोस्त का कत्ल, शव 12 फीट गहरी सीमेंट पाइप में छिपाया; 3 गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में दोस्ती का रिश्ता एक मामूली विवाद के बाद खूनी हो गया। शराब पीने के दौरान हुए विवाद में तीन युवकों ने कथित तौर पर अपने ही साथी पवन टंडन की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर ले जाकर सीमेंट की पाइपलाइन के अंदर करीब 12 फीट की गहराई में छिपा दिया।

पुलिस ने सूचना मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर शव बरामद करने के साथ हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड, सीमेंट-कंक्रीट का टुकड़ा और घटना के समय पहने कपड़े भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 22 वर्षीय पवन टंडन, निवासी रावांभाठा खमतराई के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में समीर खान, प्रकाश यादव उर्फ दादु और सूरज यादव शामिल हैं। तीनों रावांभाठा क्षेत्र के रहने वाले हैं।

शराब के दौरान शुरू हुआ विवाद

पुलिस जांच के मुताबिक 6 अगस्त की रात करीब 10 से 12 बजे के बीच पवन टंडन और तीनों आरोपी बांधा तालाब सूखा मैदान, बंजारी नगर रावांभाठा में एक साथ बैठे थे। इस दौरान सभी ने शराब पी। रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच किसी बात को लेकर पवन का तीनों आरोपियों से विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार विवाद बढ़ने पर समीर खान ने लोहे की रॉड से पवन के सिर पर वार किया। इसके बाद प्रकाश यादव ने पास पड़े सीमेंट-कंक्रीट के बड़े टुकड़े से उसके सिर पर हमला किया। पुलिस का आरोप है कि इसके बाद सूरज यादव ने पवन का गला दबाया, जबकि समीर ने दो से तीन बार फिर कंक्रीट के टुकड़े से उसके सिर पर वार किया। गंभीर चोटों के कारण पवन की मौके पर ही मौत हो गई।

12 फीट गहरी पाइप में छिपाया शव

हत्या के बाद तीनों आरोपी शव को वहीं छोड़ने के बजाय उसे करीब 300 मीटर दूर ले गए। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने शव को सीमेंट पाइपलाइन के अंदर करीब 12 फीट की गहराई में छिपा दिया और मौके से फरार हो गए। पवन के पिछले दो दिनों से लापता होने के कारण परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को हत्या और शव छिपाए जाने की सूचना मिली। पुलिस ने तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में घटना का खुलासा होने के बाद आरोपियों को उनकी निशानदेही पर घटनास्थल और शव छिपाने वाली जगह ले जाया गया। वहां से पवन का शव बरामद किया गया। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया गया। परिजनों ने भी शव की पहचान पवन टंडन के रूप में की।

हत्या का मामला दर्ज

मृतक के चचेरे भाई प्रकाश भट्ट की रिपोर्ट पर खमतराई थाने में अपराध क्रमांक 752/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।