भारी बारिश से मुंबई-पुणे रेल सेवा ठप | भूस्खलन के बाद 16 ट्रेनें रद्द

भारी बारिश से मुंबई-पुणे रेल सेवा ठप | भूस्खलन के बाद 16 ट्रेनें रद्द

मुंबई। महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच सोमवार तड़के हुए भूस्खलन ने मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर रेल सेवाओं को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। मध्य रेलवे के अनुसार, करजत-लोनावला के बीच भोेर घाट सेक्शन में दो स्थानों पर भूस्खलन होने से रेलवे की तीनों लाइनें प्रभावित हुई हैं। पहला भूस्खलन ठाकुरवाड़ी के पास, जबकि दूसरा खंडाला और मंकी हिल के बीच मध्य लाइन पर तड़के करीब 3:05 बजे हुआ। भारी बारिश के कारण मलबा रेलवे ट्रैक पर आ गया, जिससे मुंबई-पुणे रेल परिचालन रोकना पड़ा।

स्थिति को देखते हुए रेलवे ने 6 जुलाई के लिए 16 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इनमें सीएसएमटी-पुणे इंद्रायणी एक्सप्रेस, इंटरसिटी एक्सप्रेस, डेक्कन एक्सप्रेस, डेक्कन क्वीन, प्रगति एक्सप्रेस, सिंहगढ़ एक्सप्रेस और धुले एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा कई लंबी दूरी की ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जा रहा है। कुछ ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से किया जा रहा है, जबकि कई ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया गया है। रेलवे की टीमें मौके पर मलबा हटाने और ट्रैक को जल्द से जल्द चालू करने के काम में जुटी हैं। मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का ताजा स्टेटस अवश्य जांच लें।

मध्य रेलवे ने 16 ट्रेनें कीं रद्द, एक नजर में पूरी सूची

क्रमांक ट्रेन नंबर ट्रेन का नाम रद्द होने की तारीख
1 22105 CSMT – पुणे इंद्रायणी एक्सप्रेस 06.07.2026
2 12169 पुणे जंक्शन – सोलापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस 06.07.2026
3 12170 सोलापुर – पुणे जंक्शन इंटरसिटी एक्सप्रेस 06.07.2026
4 22106 पुणे – CSMT इंद्रायणी एक्सप्रेस 06.07.2026
5 12127 CSMT – पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस 06.07.2026
6 12128 पुणे – CSMT इंटरसिटी एक्सप्रेस 06.07.2026
7 11007 CSMT – पुणे डेक्कन एक्सप्रेस 06.07.2026
8 11008 पुणे – CSMT डेक्कन एक्सप्रेस 06.07.2026
9 12124 पुणे – CSMT डेक्कन क्वीन 06.07.2026
10 12123 CSMT – पुणे डेक्कन क्वीन 06.07.2026
11 12126 पुणे – CSMT प्रगति एक्सप्रेस 06.07.2026
12 12125 CSMT – पुणे प्रगति एक्सप्रेस 06.07.2026
13 11010 पुणे – CSMT सिंहगढ़ एक्सप्रेस 06.07.2026
14 11009 CSMT – पुणे सिंहगढ़ एक्सप्रेस 06.07.2026
15 11011 CSMT – धुले एक्सप्रेस 06.07.2026
16 11012 धुले – CSMT एक्सप्रेस 06.07.2026