सात मंजिला इमारत ढही, 4 की मौत; 10 घायल, मकान मालिक पर केस दर्ज

नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के साकेत इलाके में शनिवार को एक सात मंजिला इमारत गिरने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन महिलाएं और सात पुरुष शामिल हैं। हादसे के बाद पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है। जानकारी के अनुसार, वेस्टर्न मार्ग स्थित गली नंबर-5 में यह हादसा उस समय हुआ जब इमारत की सातवीं मंजिल की छत ढालने की तैयारी चल रही थी। अचानक पूरी इमारत भरभराकर गिर गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें इमारत कुछ ही सेकंड में जमींदोज होती दिखाई दे रही है।

पुलिस के मुताबिक, यह एक व्यावसायिक भवन था, जिसकी पहली और दूसरी मंजिल पर निजी कार्यालय संचालित हो रहे थे। हादसे के समय पास के एक प्लॉट में बनी रसोई में कुछ मेडिकल छात्र मौजूद थे। इमारत का मलबा रसोई पर गिरने से वह भी ढह गई और कई लोग इसकी चपेट में आ गए।

हादसे के बाद दमकल विभाग, एनडीआरएफ, डीडीएमए और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। रविवार सुबह तक मलबे से 14 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और सभी को एम्स ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। वहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों में से एक की पहचान 26 वर्षीय रवि के रूप में हुई है। घायलों में आठ लोगों की पहचान गुरुग्राम के 26 साल के तरुण कुमार, बिहार की 27 साल की साइका खान, सैदुल्लाजाब की 25 साल की नीलम यादव, सैदुल्लाजाब के 24 साल के आदित्य शर्मा, नोएडा के 25 साल के क्षितिज प्रताप, साकेत के 25 साल के अनुज दीक्षित, सैदुल्लाजाब की 25 साल की आस्था और साकेत के 24 साल के विशाल के रूप में हुई है।
