BSP के 31 वर्षीय जूनियर इंजीनियर ने क्वार्टर में की आत्महत्या

बालोद। दल्लीराजहरा में भिलाई स्टील प्लांट यानी BSP में कार्यरत 31 वर्षीय जूनियर इंजीनियर के. जसवंत कुमार की मौत से सनसनी फैल गई। जसवंत कुमार अपने सरकारी क्वार्टर में मृत पाए गए। सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
के. जसवंत कुमार मूल रूप से आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम के रहने वाले थे। वर्ष 2023 से वे दल्लीराजहरा में BSP में पदस्थ थे और वर्तमान में राजहरा क्वारी माइंस में माइनिंग से संबंधित पद पर कार्यरत थे। पुलिस के मुताबिक, जसवंत कुमार की पत्नी आंध्रप्रदेश में रहती थीं और दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी विवाद के सिलसिले में हाल ही में जसवंत कुमार आंध्रप्रदेश के एक महिला थाने में भी पेश हुए थे। बताया जा रहा है कि शनिवार को वह आंध्रप्रदेश से वापस दल्लीराजहरा लौटे थे। इसके बाद अपने सरकारी क्वार्टर में उन्होंने आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उन्होंने अपनी मां और पत्नी से फोन पर बातचीत भी की थी। कुछ समय बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद रविवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जांच के बाद सामने आएगी असली वजह
प्रारंभिक जांच में पुलिस पारिवारिक विवाद को आत्महत्या की वजह मानकर जांच कर रही है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मृतक के परिवार से बातचीत के साथ ही फोन कॉल और अन्य परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। BSP के युवा इंजीनियर की मौत से परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही इस घटना की पूरी वजह स्पष्ट हो सकेगी।

