इकलौते बेटे की मौत का सदमा नहीं सह पाए माता-पिता, दंपति ने पेड़ पर लगाई फांसी

इकलौते बेटे की मौत का सदमा नहीं सह पाए माता-पिता, दंपति ने पेड़ पर लगाई फांसी

जांजगीर-चांपा। जिले के धरदेई गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। इकलौते बेटे की मौत के सदमे में माता-पिता ने भी अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। सोमवार सुबह गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई जब दोनों के शव घर के पास पेड़ से लटके मिले। मृतकों की पहचान 47 वर्षीय रमाबाई पटेल और 48 वर्षीय कृष्णा पटेल के रूप में हुई है। मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, कुछ दिन पहले ही दंपति के इकलौते बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बेटे की असमय मृत्यु के बाद से ही दोनों गहरे सदमे में थे। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार वे बेहद टूट चुके थे और किसी से ज्यादा बातचीत भी नहीं कर रहे थे।

सोमवार सुबह जब लोगों ने दोनों को फंदे पर लटका देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शवों को नीचे उतारकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में मानसिक आघात के चलते यह कदम उठाने की बात सामने आ रही है। हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।

गांव में इस घटना के बाद शोक का माहौल है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।