सूने मकान की चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, 2.10 लाख के जेवर बरामद
धमतरी के सिटी कोतवाली क्षेत्र में सूने मकान में हुई 2.29 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से करीब 2.10 लाख रुपये के सोने के जेवर और नगदी बरामद कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

धमतरी। धमतरी पुलिस ने सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 2 लाख 10 हजार 300 रुपये कीमत के सोने के जेवर और नगदी बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी अभियान के तहत थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए इस मामले का पर्दाफाश किया। पुलिस के अनुसार, भावेश जैन ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि 3 अगस्त 2026 की रात अज्ञात चोर उनके सूने मकान में घुस गए और आलमारी में रखी सोने की चैन, सोने की अंगूठी तथा नगदी चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 2 लाख 29 हजार रुपये बताई गई। शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, गवाहों से पूछताछ की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक चोरी के जेवर बेचने की फिराक में महिमा सागर वार्ड स्थित शराब भट्टी रोड क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान गोपाल कृष्णा यादव उर्फ बिक्कू (21 वर्ष) निवासी शांति कॉलोनी चौक और ललित सोना (28 वर्ष) निवासी महंत घासीदास वार्ड, जालमपुर, धमतरी के रूप में हुई। आरोपियों से पूछताछ और मेमोरेण्डम के आधार पर पुलिस ने सोने की एक चैन (अनुमानित कीमत 1.75 लाख रुपये), लगभग 7 ग्राम वजन की सोने की अंगूठी (अनुमानित कीमत 35 हजार रुपये) तथा 300 रुपये नगद बरामद किए। बरामद मशरूका की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 10 हजार 300 रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।