आईजी ऑफिस से 100 मीटर दूर ताबड़तोड़ फायरिंग, अंकित उर्फ बाबा गैंग के दिनेश उर्फ गोगा की 35 गोलियां मारकर हत्या

आईजी ऑफिस से 100 मीटर दूर ताबड़तोड़ फायरिंग, अंकित उर्फ बाबा गैंग के दिनेश उर्फ गोगा की 35 गोलियां मारकर हत्या

रोहतक में सोमवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब आईजी दफ्तर से महज 100 मीटर दूर सेक्टर-1 रोड पर बाइक सवार तीन हमलावरों ने अंकित उर्फ बाबा गैंग से जुड़े सोनीपत निवासी दिनेश उर्फ गोगा (24) की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी।

घटना सेक्टर-1 स्थित ताऊ देवीलाल पार्क के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गोगा अपने एक साथी के साथ नोबल हार्ट अस्पताल के सामने कार के पास खड़ा कोल्ड ड्रिंक पी रहा था। तभी पार्क की तरफ से बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे। एक युवक बाइक स्टार्ट रखकर बैठा रहा, जबकि दो बदमाश उतरे और गोगा पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।

करीब 45 सेकंड तक गोलियां चलती रहीं। मौके पर 35 से 40 राउंड फायर किए गए। गोगा के शरीर में 30 से ज्यादा गोलियां लगीं। उसका साथी जान बचाकर भाग निकला। गंभीर रूप से घायल गोगा को निजी अस्पताल की एंबुलेंस से पीजीआई ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई नितेश ने अर्बन स्टेट थाने में एफआईआर दर्ज कराते हुए अमेरिका में बैठे हिमांशु उर्फ भाऊ और उसके गैंग के गुर्गों पर हत्या का आरोप लगाया है। शिकायत में कहा गया है कि गोगा की दोस्ती रिटौली निवासी बाबा के भाई सन्नी रिटौलिया से थी। इसी रंजिश के चलते भाऊ ने अपने गैंग से हत्या कराई। गौरतलब है कि इसी गैंग पर साल 2022 में गोगा के मामा हंसराज उर्फ हंसे की हत्या का भी आरोप है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन टीमें गठित कर दी हैं। शहर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।