मुहर्रम जुलूस में मौत की साजिश! विटामिन बताकर बांट रहा था जहरीले कैप्सूल, 15 हजार बरामद, आरोपी गिरफ्तार

मुहर्रम जुलूस में मौत की साजिश! विटामिन बताकर बांट रहा था जहरीले कैप्सूल, 15 हजार बरामद, आरोपी गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने मुहर्रम जुलूस के दौरान बड़ी जनहानि की आशंका वाली एक कथित साजिश का पर्दाफाश करते हुए पुणे निवासी फैयाज निसार हुसैन प्रेमजी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को दर्द निवारक या विटामिन बताकर ऐसे कैप्सूल बांट रहा था, जिनमें जिंक फॉस्फाइड भरा हुआ था। जिंक फॉस्फाइड का उपयोग आमतौर पर चूहा मारने की दवा के रूप में किया जाता है और यह अत्यंत विषैला पदार्थ माना जाता है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर करीब 15 दिन पहले मुंबई के डोंगरी इलाके में ठिकाना बनाया था और वहीं से पूरी तैयारी कर रहा था। पुलिस का दावा है कि उसने ऑनलाइन लगभग 30 हजार खाली कैप्सूल मंगाए थे और बड़ी मात्रा में जिंक फॉस्फाइड भी खरीदा था। पूछताछ में आरोपी के पास से करीब 14,900 तैयार कैप्सूल बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक मुहर्रम जुलूस के दौरान कुछ लोगों ने कैप्सूल खाने के बाद उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी की शिकायत की। इसके बाद पुलिस को सूचना मिली और मौके पर जांच शुरू की गई। शुरुआती जांच में पता चला कि कैप्सूल को दर्द निवारक दवा बताकर लोगों में बांटा जा रहा था। समय रहते पुलिस की सतर्कता से बड़ी घटना टल गई।

अधिकारियों के अनुसार आरोपी हर कैप्सूल में लगभग एक ग्राम जिंक फॉस्फाइड भर रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने यह कदम क्यों उठाया, क्या उसके साथ कोई और भी शामिल था और कहीं यह किसी बड़े षड्यंत्र का हिस्सा तो नहीं था। आरोपी की विदेश यात्राओं और उसके संपर्कों की भी जांच की जा रही है।