टाटा और पतंजलि के नाम पर बिक रहा था नकली नमक, धनबाद में बड़ा रैकेट बेनकाब

टाटा और पतंजलि के नाम पर बिक रहा था नकली नमक, धनबाद में बड़ा रैकेट बेनकाब

झारखंड के धनबाद में पुलिस और ब्रांड जांच टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए टाटा और पतंजलि के नाम पर नकली नमक बनाने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह अवैध कारोबार धनसार थाना क्षेत्र के भूदा स्थित बरमसिया रानी रोड इलाके में संचालित किया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की शिकायत के बाद पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री संचालक शुभम अग्रवाल को मौके से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

छापेमारी में भारी मात्रा में साधारण नमक, टाटा और पतंजलि ब्रांड जैसे दिखने वाले नकली पैकेट, रैपर तथा पैकेजिंग मशीनें बरामद की गईं। जांच में सामने आया कि आरोपी खुले नमक को नामी कंपनियों के पैकेटों में भरकर बाजार में बेच रहे थे।

पुलिस के अनुसार, नकली नमक की सप्लाई धनबाद, झरिया, कतरास समेत पश्चिम बंगाल के कई जिलों तक की जा रही थी। पैकेट इतने हूबहू बनाए गए थे कि आम उपभोक्ता के लिए असली और नकली उत्पाद में अंतर करना मुश्किल था।

यह मामला केवल ट्रेडमार्क उल्लंघन तक सीमित नहीं है, बल्कि उपभोक्ताओं की सेहत के साथ गंभीर खिलवाड़ का भी है। जांच एजेंसियां अब इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों और पूरे सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।