विवाद के बाद युवक को काफी दूर तक घसीटता रहा कार चालक, पुलिस ने कार समेत आरोपी को पकड़ा

दुर्ग। पुलगांव चौक में विवाद के बाद एक युवक को कार से पीछे से टक्कर मारकर काफी दूर तक घसीटने के मामले में पुलगांव पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में युवक को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक CG-04-HJ-9238 को भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 711/2026 में धारा 109(1) BNS के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी अपने मित्र भुवनेश्वर निषाद और हरि निषाद के साथ पुलगांव चौक स्थित पान ठेला के पास खड़ा था। इसी दौरान राजनांदगांव की ओर से तेज गति से आ रही कार के चालक ने मनीष गैरेज में काम करने वाले विजय वैष्णव को टक्कर मार दी। इसके बाद विजय और कार चालक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कार चालक ने वाहन से उतरकर विजय के साथ हाथ-थप्पड़ से मारपीट की और धमकी दी। विवाद के बाद विजय पैदल पोटिया की ओर जाने लगा और कार चालक को चिल्लाने लगा। इसी दौरान आरोपी ने उसका पीछा किया और रुक, आज तुझे बताता हूं कहते हुए कार से पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद भी आरोपी ने कार नहीं रोकी। वह विजय को वाहन में फंसाकर पुलगांव चौक स्थित बालाजी स्वीट्स के पास से काफी दूर तक घसीटता रहा। विजय के दोस्तों ने कार रोकने की कोशिश की और चालक से वाहन रोकने के लिए कहा, लेकिन आरोपी लगातार कार चलाता रहा। बाद में दोस्तों ने वाहन रुकवाकर विजय को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। मामले की रिपोर्ट पर पुलगांव पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा आरोपी और वाहन की तलाश शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कार के वाहन स्वामी अजय कुमार गारूडीक (56) को वाहन सहित पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी का जिला अस्पताल दुर्ग में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें चिकित्सक ने शराब सेवन का उल्लेख किया है। पूछताछ में आरोपी ने विजय को जानबूझकर पीछे से कार से टक्कर मारने और काफी दूर तक घसीटने की घटना स्वीकार की। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
आरोपी: अजय कुमार गारूडीक, उम्र 56 वर्ष, निवासी बमलेश्वरी कॉलोनी, नर नारायण मंदिर के पास, बोरसी, थाना पद्मनाभपुर, जिला दुर्ग।
जब्त वाहन: कार क्रमांक CG-04-HJ-9238।
घटनास्थल: पुलगांव चौक स्थित बालाजी स्वीट्स के पास से आगे तक, थाना पुलगांव क्षेत्र, जिला दुर्ग।

