ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई, 2.85 टन अवैध कबाड़ और पिकअप वाहन जब्त

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में थाना पूंजीपथरा पुलिस ने अवैध कबाड़ से भरे एक पिकअप वाहन को जब्त कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पूंजीपथरा और आसपास के क्षेत्रों में एक व्यक्ति अवैध रूप से कबाड़ की खरीदी-बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर थाना साइबर सेल और थाना पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम पूंजीपथरा बस्ती में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पिकअप वाहन क्रमांक CG13UJ2186 में कबाड़ खरीदते हुए एक व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम बलवंत सारथी (40 वर्ष) निवासी ग्राम हाटी, थाना छाल, जिला रायगढ़ बताया।

पुलिस ने वाहन में लोड कबाड़ के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में वाहन में करीब 2.85 टन कबाड़ मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 85,500 रुपये आंकी गई। कबाड़ के चोरी की संपत्ति होने की आशंका पर पुलिस ने कबाड़ के साथ पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया।
जब्त संपत्ति में लगभग 85,500 रुपये का कबाड़ और करीब 6 लाख रुपये मूल्य का पिकअप वाहन शामिल है। कुल 6,85,500 रुपये की संपत्ति पुलिस ने अपने कब्जे में ली।
इस मामले में थाना पूंजीपथरा में आरोपी बलवंत सारथी के खिलाफ धारा 35(क), 35(ड) BNSS एवं धारा 303(2) BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
