भिलाई की युवती की राजनांदगांव के रिसॉर्ट में मौत का खुलासा, दोस्तों पर जबरन शराब पिलाने का आरोप, संचालक पर दुष्कर्म का केस

विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट सील, संचालक समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

भिलाई की युवती की राजनांदगांव के रिसॉर्ट में मौत का खुलासा, दोस्तों पर जबरन शराब पिलाने का आरोप, संचालक पर दुष्कर्म का केस

राजनांदगांव। मनगट्टा स्थित विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट में भिलाई तीन निवासी 24 वर्षीय मुस्कान तिवारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए रिसॉर्ट संचालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती के दो दोस्तों ने कथित तौर पर उसे जबरन शराब पिलाई और फिर उसे रिसॉर्ट लेकर गए, जहां रिसॉर्ट संचालक पर दुष्कर्म करने का आरोप है। युवती जब रिसॉर्ट के वॉशरूम में बेसुध पड़ी थी, तो उसे नजदीकी सोमनी हॉस्पिटल ले जाने की बजाय आरोपी 28 किलोमीटर दूर दुर्ग जिले के निकुम लेकर चले गए। लेकिन जब उसकी हालत देखकर संबंधित डॉक्टर ने एडमिट करने से मना किया तो दोबारा युवती को आरोपी कार से राजनांदगांव के मेडिकल कॉलेज ले गए। वहां युवती को मृत घोषित कर दिया गया। यह खुलासा आरोपियों ने पूछताछ के दौरान किया है।

पुलिस के अनुसार 18 जून को सोमनी थाना क्षेत्र स्थित विशलिंगवुड्स रिसॉर्ट के बाथरूम में युवती का शव मिला था। मृतका भिलाई की रहने वाली थी और एक टॉकीज में मैनेजर के पद पर कार्यरत थी। पोस्टमार्टम में शरीर पर खरोंच के निशान और अंदरूनी चोटों की पुष्टि हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश पर सोमनी पुलिस और साइबर सेल की विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तथ्यों के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि आरोपी छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख और घनश्याम बेलचंदन युवती के परिचित थे। दोनों उसे अपने साथ लेकर रायपुर गए थे, जहां कथित रूप से उसे जबरन शराब पिलाई गई। इसके बाद युवती को मनगट्टा स्थित रिसॉर्ट ले जाया गया।

जांच में सामने आया कि रिसॉर्ट संचालक आशुतोष हिरवानी उर्फ आशु ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। बाद में युवती की हालत बिगड़ गई और उसी रात रिसॉर्ट के बाथरूम में उसका शव मिला। पुलिस ने आशुतोष हिरवानी (26), छत्रपाल उर्फ बल्लू देशमुख (25) और घनश्याम बेलचंदन (25) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64, 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अंतिम खुलासा अभी बाकी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और पोस्टमार्टम व अन्य जांच रिपोर्टों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रिसॉर्ट को भी सील कर दिया गया है।