तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर, चार लोगों की मौत

तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर, चार लोगों की मौत

मध्यप्रदेश। कटनी जिले में एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बड़वारा थाना क्षेत्र में रेलवे पुलिया के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।

बताया जा रहा है कि एक ही बाइक पर सवार चार लोग कटनी से उमरिया की ओर नेशनल हाईवे-78 से जा रहे थे। इसी दौरान बड़वारा की रेलवे पुलिया के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और कार दोनों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में बाइक सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

मृतकों की पहचान रामकिशोर सिंह, रामदास सिंह, जितेंद्र सिंह और इंद्रभान सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बड़वारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे में कार चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए बड़वारा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि कार चालक अंबिकापुर से राजगढ़ की ओर जा रहा था।