शादी समारोह में लूट: मुख्य आरोपी गिरफ्तार, तीन नाबालिग भी शामिल

धमतरी। शादी समारोह में लूट और हमले की वारदात का धमतरी पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में तीन विधि से संघर्षरत बालकों की भी संलिप्तता सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, बालोद जिले के पेण्डरवानी निवासी दयानंद साहू 27 अप्रैल को अपने रिश्तेदार के विवाह कार्यक्रम में सिहाद गांव पहुंचे थे। रात करीब 9:15 बजे वे अपने रिश्तेदार तिलक राम साहू के साथ पंचायत भवन के पीछे तालाब के पास गए थे। इसी दौरान चार युवकों ने उन्हें वहां बैठने से मना करते हुए डराया-धमकाया।

आरोपियों ने धारदार हथियार दिखाकर दयानंद साहू से उनका वीवो मोबाइल और 50 रुपये नगद लूट लिए। विरोध करने पर उनके बाएं जांघ पर हमला कर घायल कर दिया। साथ ही तिलक राम साहू से भी 500 रुपये लूटे गए और उन्हें भी चाकूनुमा हथियार से चोट पहुंचाई गई।

घटना की रिपोर्ट पर थाना भखारा में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर कोसमर्रा निवासी किशन यादव (30) और तीन नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और धारदार कैची बरामद की है। मुख्य आरोपी किशन यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि तीनों नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
▪️आरोपी का नाम :-
किशन यादव पिता मनहरण यादव, उम्र 30 वर्ष, साकिन कोसमर्रा, थाना भखारा, जिला धमतरी (छ.ग.)।

