वक्ताओं ने गिनाए पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के योगदान, युवाओं से उनके विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान

भिलाई। बीएसपी टाउनशिप के सेक्टर-6 में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्रमांक-4 की ओर से भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ दत्ता के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
सूचना प्रौद्योगिकी क्रांति की रखी नींव
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सौरभ दत्ता ने कहा कि राजीव गांधी ने देश में सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नई क्रांति की शुरुआत की। उनके प्रयासों का परिणाम है कि भारत आज तकनीकी और विकास के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के कार्यकाल में 18 वर्ष के युवाओं को मतदान का अधिकार दिया गया, जिससे लोकतंत्र में युवाओं की भागीदारी मजबूत हुई।
युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत
सौरभ दत्ता ने कहा कि राजीव गांधी को देश में आधुनिक विकास की नींव रखने वाले विकास पुरुष के रूप में हमेशा याद किया जाएगा। राष्ट्र के लिए उनका बलिदान देशवासी सदैव स्मरण करते रहेंगे। कार्यक्रम में पार्षद साकेत चंद्राकर ने भी संबोधित किया और राजीव गांधी के जीवन एवं उनके कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से राजीव गांधी के विचारों और देश के प्रति उनके समर्पण से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
सेवा का लिया संकल्प
संगोष्ठी में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने समाज के प्रति समर्पित भाव से सेवा करते रहने का संकल्प लिया। सभी ने राजीव गांधी के विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए अपने विचार रखे। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष जी. याकूब ने किया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ दत्ता, पार्षद साकेत चंद्राकर, ब्लॉक पदाधिकारी राहुल शर्मा, छोटू रजक, शिखा राय, सतीश सोनकर, सतनारायण गुप्ता, डीप सिंह, बम सिंह, संदीप कोरी, राणा प्रताप सिंह, एस. जे. कुरैशी, जॉनसन धनुष साहू, गौरव साहू, गजेंद्र सिंह, अजय यादव, कोंडा राव, इकबाल अहमद, विकास सिंह केसरिया, जी. राजू कनौजिया, आकाश हैंडे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
