सुपेला सरकारी अस्पताल के पास रास्ता रोककर धारदार हथियार से हमला, मोबाइल और 500 रूपये लूटे; आरोपी गिरफ्तार
सुपेला पुलिस ने घेराबंदी कर 26 वर्षीय दिलबाग सिंह को पकड़ा, घटना में इस्तेमाल बाइक भी जांच के दायरे में

भिलाई। सुपेला के लाल बहादुर शास्त्री शासकीय अस्पताल के पास सड़क पर मोटरसाइकिल रोककर युवक पर धारदार हथियार से हमला करने और उसके पास से मोबाइल फोन व नगदी लूटने के मामले में सुपेला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान दिलबाग सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी चांदना टिम्बर, वार्ड 7, पांच रास्ता, सुपेला के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक घटना 19 अगस्त की है। प्रार्थी मोटरसाइकिल से किट्टी बुक डिपो जा रहा था। इसी दौरान शासकीय अस्पताल सुपेला के पास आरोपी ने अपनी बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 DF 7180 प्रार्थी के सामने रोक दी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने रास्ता रोकने के बाद प्रार्थी से गाली-गलौज की और धारदार हथियार निकालकर उस पर हमला कर दिया। हमले में प्रार्थी के बाएं हाथ की हथेली में चोट आई। इसके बाद आरोपी ने प्रार्थी की जेब में रखा मोबाइल फोन और 500 रुपए नगद कथित रूप से लूट लिया और मौके से फरार हो गया।
घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद सुपेला थाने में धारा 296, 115(2), 309(4) बीएनएस तथा धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटना से जुड़े सुराग जुटाए और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी। विवेचना के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में मुखबिर से सूचना मिली। इसके बाद टीम ने चंद्रा-मौया रामनगर जाने वाले मार्ग के पास घेराबंदी की। पुलिस ने सांई प्लास्टिक के पास आरोपी दिलबाग सिंह को पकड़ लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
