पत्नी से संबंध के शक में बाउंसर की हत्या, आंखों में मिर्च झोंककर पत्थर से कुचला सिर

पत्नी से संबंध के शक में बाउंसर की हत्या, आंखों में मिर्च झोंककर पत्थर से कुचला सिर

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र के पथर्रा गांव में 27 वर्षीय बाउंसर निखिल गोस्वामी की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी से कथित संबंधों के शक में भोला मानिकपुरी ने अपने साथियों के साथ मिलकर निखिल पर हमला किया। पहले उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंका गया, फिर पत्थर से सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार किए गए। गंभीर रूप से घायल निखिल की इलाज के दौरान मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, पथर्रा निवासी निखिल गोस्वामी बिलासपुर के एक बार में बाउंसर का काम करता था। बीती रात वह अपने दो साथियों के साथ अमने मोड़ के पास बैठा था। इसी दौरान तीन-चार युवक बाइक से वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवारों में शामिल एक युवक को देखकर निखिल ने उसे नाम लेकर आवाज दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई।

आंखों में मिर्च झोंककर किया हमला

आरोप है कि भोला मानिकपुरी और उसके साथियों ने पहले निखिल के चेहरे और आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। अचानक हुए हमले से निखिल संभल नहीं पाया। इस दौरान उसके साथ मौजूद दोनों साथी मौके से भाग निकले।

इसके बाद आरोपियों ने निखिल पर हमला तेज कर दिया। बताया जा रहा है कि भोला मानिकपुरी ने पास में पड़े भारी पत्थर से उसके सिर और शरीर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।

अस्पताल में उपचार के दौरान मौत

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से निखिल को अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रेम प्रसंग और चरित्र शंका का एंगल

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह सहित कोटा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान मृतक के भाई ने पुलिस को बताया कि आरोपी भोला मानिकपुरी को अपनी पत्नी और निखिल गोस्वामी के बीच कथित प्रेम संबंधों का शक था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

आरोपी फरार, तलाश जारी

कोटा पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रेम प्रसंग, चरित्र शंका और पुरानी रंजिश समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मुख्य आरोपी भोला मानिकपुरी और उसके साथियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।