9 म्यूल खाताधारक गिरफ्तार, 5 लाख से ज्यादा के लेन-देन का खुलासा

कमीशन के लालच में साइबर अपराधियों को दिए बैंक खाते, सुपेला-भिलाई भट्ठी पुलिस व एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई

9 म्यूल खाताधारक गिरफ्तार, 5 लाख से ज्यादा के लेन-देन का खुलासा

भिलाई। साइबर ठगी की रकम को बैंक खातों के जरिए आगे ट्रांसफर करने और खपाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 9 म्यूल बैंक खाताधारकों को गिरफ्तार किया है। जांच में इन खातों के जरिए साइबर ठगी से जुड़ी 5 लाख रुपये से अधिक की संदिग्ध राशि के लेन-देन का खुलासा हुआ है। यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सुपेला, थाना भिलाई भट्ठी और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने की।

पुलिस की जांच के मुताबिक आरोपियों ने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते अथवा अन्य बैंक खातों से जुड़े पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक और मोबाइल सिम कार्ड दूसरे व्यक्तियों को उपलब्ध कराए थे। इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से हासिल रकम को प्राप्त करने और फिर अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया गया। पुलिस के अनुसार जांच में आरोपियों को कथित तौर पर 2,000 से 15,000 रुपए तक कमीशन मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पासबुक, ATM कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं।

बैंक खातों की तकनीकी जांच से खुलासा

साइबर अपराध में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों की जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों के लेन-देन, तकनीकी साक्ष्यों और संबंधित दस्तावेजों का विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि संबंधित खातों में साइबर ठगी से जुड़ी 5 लाख रुपए से अधिक की रकम का लेन-देन हुआ था। खाताधारकों और अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ तथा बैंकिंग और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 20 अगस्त 2026 को कार्रवाई करते हुए थाना सुपेला में 2 और थाना भिलाई भट्ठी में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपीगण 

सुपेला थाने के 2 आरोपी अमन कुमार राय, उम्र 25 वर्ष, निवासी चन्द्र नगर, उमरपोटी और डोमेन्द्र कुमार सिन्हा, उम्र 38 वर्ष, निवासी पांच रास्ता, चिंगरी पारा सुपेला भिलाई को पकड़ा। वहीं भिलाई भट्ठी थाने ने 7 आरोपी दिनेश कुमार देशमुख, उम्र 22 वर्ष, निवासी अग्रसेन कॉलेज, धनोरा, पदमनाभपुर, नितिश सिंह राजपूत, उम्र 28 वर्ष, निवासी स्टाफ क्वार्टर एस-05, पदमनाभपुर, विक्रम देशलहरे, उम्र 33 वर्ष, निवासी घुघसीडीह, उतई, भीष्म ध्रुव, उम्र 24 वर्ष, निवासी सेक्टर-10, सड़क 33/ए, क्वार्टर नंबर 1-डी, भिलाई नगर, के. सुनीता राव, निवासी श्रीराम चौक, खुर्सीपार भिलाई, स्मीता मसीह, निवासी प्रगति नगर, रिसाली, गुनगुन देवांगन, निवासी वैशाली नगर, भिलाई को गिरफ्तार किया है।