दुर्ग में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा: 26 मामलों से जुड़े महिलाएं समेत 6 खाताधारकों पर कार्रवाई, 50 लाख तक का संदिग्ध लेन-देन

दुर्ग। दुर्ग पुलिस की साइबर सेल ने विशेष अभियान चलाकर छह खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई की है। जांच में सामने आया है कि इन बैंक खातों के माध्यम से ठगी की रकम का लेन-देन किया गया और चेक सहित अन्य तरीकों से राशि निकाली गई।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में जिले में दर्ज साइबर धोखाधड़ी के मामलों की समीक्षा की गई। इसी दौरान विभिन्न बैंकों के खातों में संदिग्ध ट्रांजेक्शन का इनपुट मिला। 11 फरवरी 2026 को विशेष टीम गठित कर अभियान चलाया गया और छह खाताधारकों को चिन्हित कर पूछताछ की गई। उनके विरुद्ध विधिवत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जांच में एक बैंक खाते के जरिए कुल 26 अलग-अलग शिकायतों से जुड़ी राशि का लेन-देन होना पाया गया। एक अन्य खाते में 13 लाख रुपये का संदिग्ध ट्रांजेक्शन सामने आया। इसके अलावा 15 हजार, 38 हजार 800 रुपये और 50 लाख रुपये तक की रकम के संदिग्ध लेन-देन की पुष्टि हुई है। पुलिस का कहना है कि इन खातों के माध्यम से ठगी की रकम प्राप्त कर उसे आहरित कर उपयोग किया गया।
जिन खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है उनमें रूपेश बंजारे, आज़ेन्द्र साहू, जावेद शेख, सरस्वती निषाद, हेमा बिनानी और अभिषेक गुप्ता शामिल हैं। सभी निवासी दुर्ग बताए गए हैं।
पुलिस ने संबंधित बैंक खातों के दस्तावेज, लेन-देन के अभिलेख, चेक और अन्य बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए हैं। कुछ मामलों में पहले से अपराध दर्ज हैं, जबकि अन्य मामलों में नए अपराध क्रमांक दर्ज कर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है।