तेज रफ्तार कार नदी में गिरी, 4 युवकों की मौत, 2 गंभीर

तेज रफ्तार कार नदी में गिरी, 4 युवकों की मौत, 2 गंभीर

कवर्धा: जिले के पंडरिया क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर फोक नदी में जा गिरी, जिसमें चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, सभी युवक रायपुर के बिरगांव क्षेत्र के रहने वाले थे और पंडरिया में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। पांडातराई थाना क्षेत्र के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ा और वाहन सीधे नदी में जा गिरा।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। कार में फंसे दो गंभीर रूप से घायल युवकों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि चारों मृतकों के शव नदी से बाहर निकाल लिए गए हैं और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है। इस हादसे के बाद रायपुर और बिरगांव इलाके में शोक का माहौल है।