75 वर्षीय पति ने पत्नी पर किया हमला, मौत के बाद खुद भी फंदे पर झूला

75 वर्षीय पति ने पत्नी पर किया हमला, मौत के बाद खुद भी फंदे पर झूला

जगदलपुर। जगदलपुर शहर के दंतेश्वरी वार्ड से एक सनसनीखेज और दुखद घटना सामने आई है। यहां बीती रात पति ने आपसी विवाद में पत्नी की हत्या कर दी, इसके बाद आरोपी पति ने खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही बोधघाट पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

मामले की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग ने बताया कि बैलाबाजार, दंतेश्वरी वार्ड निवासी तारासिंह (75 वर्ष) और उनकी पत्नी विजय वीर (70 वर्ष) के बीच बीती रात किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के दौरान काफी देर तक बहसबाजी हुई, इसके बाद दोनों सोने चले गए। लेकिन रात करीब 2 बजे के आसपास दोनों के बीच फिर से विवाद शुरू हुआ। इसी दौरान गुस्से में आकर तारासिंह ने घर में रखे नारियल काटने वाले औजार से पत्नी पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान महिला को शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पत्नी की हत्या के बाद आरोपी तारासिंह ने घर में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी सुबह बेटे को लगी, जिसके बाद उसने आसपास के लोगों के साथ पुलिस को सूचना दी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फोरेंसिक जांच के साथ-साथ विवाद के कारणों की भी जांच की जा रही है।