AC ब्लास्ट, 4 मंजिला इमारत में लगी आग, 9 लोगों की मौत

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के शाहदरा इलाके के विवेक विहार में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक 4 मंजिला रिहायशी इमारत में भीषण आग लगने से 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए।

जानकारी के मुताबिक, देर रात करीब 3:47 बजे आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली। आग इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर बने फ्लैटों में तेजी से फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।

आग लगने के दौरान इमारत में कई लोग फंस गए थे। रेस्क्यू टीमों ने अब तक 16 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी सक्रिय हो गई। दिल्ली पुलिस के अधिकारी, जिनमें एसएचओ और एसीपी विवेक विहार शामिल थे, तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
बचाव कार्य के दौरान करीब 10 से 15 लोगों को बाहर निकाला गया, जिनमें से दो लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। दमकल और पुलिस की टीमें जांच में जुटी हुई हैं।

