भीषण सड़क हादसा: कार-बाइक की आमने-सामने टक्कर, तीन युवकों की मौके पर मौत

बालोद। जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। खैरडीह गांव के पास कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान तरुण कुमार यादव (20) पिता मिनेन्द्र यादव निवासी सीर्राभाठा, राहुल सेवता (20) पिता सावंत सेवता निवासी सीर्राभाठा और नरेंद्र भुआर्य (21) पिता पुरषोत्तम भुआर्य निवासी ग्राम मुड़खुसरा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार कार दल्लीराजहरा से राजनांदगांव की ओर जा रही थी, जबकि बाइक सवार युवक देवरी की तरफ से डौंडीलोहारा आ रहे थे। इसी दौरान खैरडीह गांव के पास दोनों वाहनों के बीच तेज रफ्तार में आमने-सामने की टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही डौंडीलोहारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मरच्यूरी भेज दिया है। हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती आशंका तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की जताई जा रही है।

