गौवंश वध मामले में बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने 12 आरोपियों को किया गिरफ्तार, मांस और धारदार हथियार बरामद

गौवंश वध मामले में बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने 12 आरोपियों को किया गिरफ्तार, मांस और धारदार हथियार बरामद

नारायणपुर। जिले के बेनूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मालिंगनार पटेलपारा में गौवंश वध के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटनास्थल से गौवंश का मांस, पका हुआ मांस, खाल, पैर, पूंछ के अवशेष तथा घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 27 जून 2026 को थाना बेनूर को सूचना मिली थी कि ग्राम मालिंगनार पटेलपारा में कुछ लोग गौवंश का वध कर रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई शुरू की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 12 लोगों को गौवंश काटते हुए पाया। मौके से गौवंश का मांस, पका हुआ मांस, चार पैर, पूंछ के टुकड़े, खाल, एक टंगिया तथा दो धारदार छुरियां बरामद कर जब्त की गईं। प्रारंभिक जांच में आरोपियों का कृत्य छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 5 एवं 10 के तहत दंडनीय पाए जाने पर थाना बेनूर में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने मामले में सभी 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि गौवंश संरक्षण संबंधी कानूनों के प्रभावी पालन के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

प्रकरण में नामजद आरोपियों में मंगलूराम सलाम (32 वर्ष), सिद्दू सलाम (58 वर्ष), मनकूर वड्डे (40 वर्ष), सुखमन करंगा (45 वर्ष), रामसिंग सलाम (35 वर्ष), इतवारु राम करंगा (42 वर्ष), मंगिया सलाम (30 वर्ष), सोमारू सलाम (27 वर्ष), मंगेल सलाम (50 वर्ष), मनकू वड्डे (40 वर्ष), सोमजी सलाम (30 वर्ष) तथा सन्नू (22 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम मालिंगनार पटेलपारा, थाना बेनूर, जिला नारायणपुर के निवासी हैं।